बिहार चुनाव: राजद ने 42 और कांग्रेस ने 21 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

पटना: बिहार चुनाव को लेकर विपक्षी दलों के महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने बुधवार को 42 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की, वहीं इसकी सहसयोगी पार्टी कांग्रेस ने भी 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। RJD ने जहां पूर्व विधायक और नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोपी राजवल्लभ यादव की पत्नी विभा देवी को टिकट दिया है, वहीं मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह को टिकट दिया है।

राजद के अधिकारिक ट्विटर अकाउंट से जारी प्रत्याशियों की सूची में राजद ने तीन मुस्लिम नेताओं को प्रत्याशी बनाया है। गोविंदपुर सीट से जहां पार्टी ने मोहम्मद कामरान को प्रत्याशी बनाया है, वहीं रफीगंज से मोहम्मद नेहालुद्दीन को और बांका से जावेद अंसारी को प्रत्याशी बनाया गया है।

दूसरी ओर राजद की सहयोगी कांग्रेस ने भी बुधवार को 21 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। कहलगांव से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश को टिकट दिया गया है, वहीं भागलपुर जिले के ही सुल्तानगंज क्षेत्र से युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में केवल एक महिला को प्रत्याशी बनाया है। पार्टी ने हिसुआ से नीतू कुमारी को प्रत्याशी बनाया है। चेनारी से कांग्रेस ने मुरारी गौतम को जबकि औरंगाबाद से आनंद शंकर सिंह को और बक्सर से संजय कुमार तिवारी को प्रत्याशी बनाया है।
बिहार में राजग से अलग होकर चुनाव लड़ रही लोक जनशक्ति पार्टी ने अब तक अपने प्रत्याशियों की अधिकारिक सूची जारी नहीं की है।

बता दें कि महागठबंधन के तहत कांग्रेस, राजद और वामपंथी दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। राजद के हिस्से जहां 144 सीटें आई हैं, वहीं कांग्रेस 70 सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है। इसके अलावा भाकपा माले के हिस्से 19 सीटें आई हैं, जबकि सीपीएम को चार और सीपीआई को छह सीटें दी गई हैं।

बिहार में पहले चरण की वोटिंग 28 अक्टूबर को होगी। दूसरे चरण में 3 नवंबर और तीसरे चरण में 7 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव परिणाम 10 नवंबर को निकलेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *