NDA में JDU 122, BJP 121 सीट पर लड़ेगी चुनाव, नीतीश को चुना अपना नेता

पटना: सियासी खींचतान और सीट शेयरिंग पर बहस के बाद आखिरकार बिहार विधानसभा चुनाव (Assembly Polls) के लिए राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA)  ने ये साफ कर दिया कि वह बिहार में नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ेगी। इस फैसले के साथ ही एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से जेडीयू (JDU) को 122 सीटें मिली है, इसमें से जेडीयू अपने कोटे से जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM)  को 7 सीटें देंगी। इसमें पहले चरण में ही 6 सीटें हैं। इस तरह से जेडीयू 115 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP)  को 121 सीटें मिली है। भाजपा अपने कोटे से मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी (VIP) को 6 सीटें देगी। इस हिसाब से जेडीयू और बीजेपी 115-115 सीटों पर प्रत्याशी उतारेंगे।

यह भी पढ़े- Bihar Election: वाम दलों के प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी, कन्हैया नहीं लड़ेंगे चुनाव

मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, देवेंद्र फडऩवीस, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी, जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह, आरसीपी सिंह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में इसकी घोषणा की।

उपमुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा केवल एनडीए में शामिल चार पार्टी जदयू, भाजपा, हम और वीआइपी ही चुनाव में  प्रधानमंत्री की तस्वीर का इस्तेमाल करेंगे। ये इस बात की जानकारी हम चुनाव आयोग को लिख कर देंगे। सुशील मोदी ने कहा एनडीए ने बिहार में नीतीश कुमार को ही अपना नेता स्वीकार किया है और उन्हीं के निर्देश पर चुनाव लड़ेंगे कोई कन्फ्यूजन मत रखो।

बता दें कि हाल ही में चिराग पासवान ने कहा था कि वह प्रधानमंत्री का चेहरा आगे कर चुनाव में जाएंगे। राजग से लोजपा के अलग होने से जुड़े सवाल पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर रामविलास पासवान स्वस्थ रहते तो ऐसा नहीं होता।

भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की शुरुआत करते हुए कहा कि फिर दोहराता हूं नीतीश कुमार ही हमारे सीएम कैंडिडेट होंगे। हम फिर नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में सरकार बनाएंगे। जदयू से हमारा 1996 से ही गठबंधन रहा है। बीच के कुछ सालों को छोड़ दें तो जदयू और भाजपा का गठबंधन देश में सबसे पुराना है।

एक तरफ जहां बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए सियासी पार्टियां प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर रही है तो वहीं बिहार की राजनीति में घमासान मचा हुआ है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *