बिहार चुनाव के लिए भाजपा ने जारी की 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

पटना:  बिहार विधानसभा चुनाव में अपनी जीत पक्की करने के लिए सभी पार्टियां एड़ी चोटी का जोर लगा रही हैं।  वहीं चुनाव प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा द्वारा अधिकारिक रूप से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में पहले नंबर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि पिछले कई चुनावों की तरह इस चुनाव में भी भाजपा के पहले स्टार प्रचारक के रूप में प्रधानमंत्री ही होंगे।

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और झारखंड विधायक दल के नेता बाबूललाल मरांडी भी शमिल हैं।

भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह के अलावा दिल्ली प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और अभिनेता मनोज तिवारी को भी इस सूची में शामिल किया गया है। स्टार प्रचारकों की सूची में हालांकि गोरखपुर से सांसद एवं भोजपुरी अभिनेता रवि किशन को शामिल नहीं किया गया है।

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में बिहार के महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के अलावा प्रदेश अध्यक्ष डॉ़ संजय जायसवाल, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह और केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद का नाम शामिल है।

इसके साथ ही भाजपा की लिस्ट में स्मृति ईरानी और बिहार की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता सिंह का नाम भी शामिल है। इसके अलावा भी बिहार के कई नेताओं को इस लिस्ट में जगह दी गई है।

सूत्रों के मुताबिक राजग में शामिल अन्य दलों के नेताओं के साथ भी बीजेपी के स्टार प्रचारक मंच साझा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *