उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। समाजवादी पार्टी का कहना है कि उनमें कोरोना के कोई भी लक्षण नहीं देखे गए। संक्रमण की सूचना मिलते ही उन्हें डॉक्टरों की ख़ास देखरेख में रखा गया है। इस बात की जानकारी समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से साझा की गई।
बता दे कि मुलायम सिंह की तबीयत पहले से ही काफी ख़राब थी। तकरीबन 6 महीने से उनका अधिकतर समय अस्पताल में भर्ती होकर बीत रहा है। कोरोना संक्रमित होने के बाद उनकी तबीयत को लेकर चिंतित होना स्वाभाविक है। करीब 1 साल से वह लगातार अस्पताल में भर्ती कराए जा रहे हैं। पिछले साल 2019 के जून महीने में वह गुरुग्राम के मेदांता में भर्ती कराए गए। इसके बाद लखनऊ के पीजीआई और दिसंबर में मुंबई इलाज के लिए भेजे गए।
2020 में भी यह सिलसिला जारी रहा है। अभी हाल ही में उन्हें फिर से लखनऊ में भर्ती कराया गया था। 80 वर्ष के हो चुके मुलायम को पेट की समस्या है। अक्सर उन्हें पेट में तेज दर्द हो जाता है। जिसके बाद उनकी तबीयत पर काबू पाना मुश्किल हो जाता है।
पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के साथ साथ उनकी पत्नी साधना गुप्ता भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। बताया जा रहा है कि मुलायम को सांस लेने में कुछ दिक्कत हुई जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। जिस पर उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।