यूपी-बिहार में अब आएंगे बारिश की राहत देने वाले बादल

उत्तर प्रदेश और बिहार में बारिश न होने से सूखे की समस्या बढ़ती जा रही है। जबकि इसी दौरान अन्य राज्यों से बारिश से जुडी तबाही की ख़बरें आ रही हैं। मूसलाधार बारिश ने इन राज्यों में न सिर्फ जान जीवन अस्त व्यस्त किया है बल्कि कई जानें भी लील ली हैं। ऐसे में मौसम विभाग का पूर्वानुमान तसल्ली देने वाला है।

उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए इस समय मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान काफी सुखद है। उत्तरी ओडिशा पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर प्रायद्वीपीय भारत में एक पूर्व-पश्चिम ट्रफ रेखा भी है। इसके परिणामस्वरूप अगले 3-4 दिनों में मध्य, दक्षिण-पश्चिम भारत और इसके आसपास बारिश होने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। जिसके नतीजे में शनिवार से एक बार फिर पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अनुमान है। विभाग द्वारा जारी आज के मौसम अपडेट्स के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, राजस्थान और तटीय आंध्र प्रदेश में गरज के साथ छिटपुट बारिश का अनुमान है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित आज महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, तेलंगाना, पश्चिम मध्य प्रदेश, उत्तर और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, लक्षद्वीप में गरज के साथ व्यापक बारिश का अनुमान है। साथ ही ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, गुजरात, पूरे महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे में गरज के साथ व्यापक बौछारें पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *