देश में जाते मानसून पर होने वाली बारिश ने माहौल ही बदल दिया है। इस बदलाव से उत्तराखंड में समय से पहले तापमान लुढ़क गया है। इस समय बद्रीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में इस सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली।
इन इलाक़ों में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश और बर्फबारी के चलते यहां के लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। इस बर्फबारी ने इन इलाक़ों में समय से पहले ठंड की आमद के आसार जताए जा रहे हैं। इसे देखते हुए मौसम विभाग का भी कहना है कि मानसून के अधिक समय तक सक्रिय होने के कारण इस बार सर्दी जल्द आ सकती है।
उत्तराखंड में तापमान गिरकर 21 डिग्री पर पहुंच गया है।लखनऊ में भी अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह का तापमान 29 डिग्री था। पटना में अधिकतम तापमान 31और न्यूनतम 26 डिग्री रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश सहित पश्चिम बंगाल, बिहार, मिजोरम, मेघालय, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने ओडिशा के पुरी, कालाहांडी, कंधमाल और गंजाम में कुछ स्थानों पर आज के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।