प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। मंगलवार की दोपहर महानगर पुलिस ने हिंदू देवी देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली यूट्यूबर हीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। हीर खान ने अपने वीडियो में माता सीता पर आपत्तिजनक कमेंट किया था। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर को लेकर भी विवादित बयान दिया था।
आपको बता दें कि हाल ही में हीर के आए वीडियो पर विवाद बढ़ता जा रहा था। इसके बाद लखनऊ के हजरतगंज में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। जिसके बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग बढ़ती जा रही थी। हीर ने अपने वीडियो पर विरोध बढ़ने के बाद प्रयागराज में अपने किसी रिश्तेदार के घर पनाह ली थी।
जानकारी मिली है कि प्रयागराज में भी हीर खान के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। जिसकी तहरीर पर प्रयागराज पुलिस ने हीर को उसके करीबी रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया है। सबूत के तौर पर पुलिस ने भी हीर खान के उस वीडियो की शिनाख्त की है।
पुलिस का कहना है कि हीर खान ने सामाजिक समरसता और शांति को भंग करने का प्रयास किया है। जिसके खिलाफ उन पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। राम मंदिर सामाजिक सौहार्द का बेहद संजीदा मामला है। जिस पर किसी भी तरह का कमेंट बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि हीर खान ने हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी कर धार्मिक आस्था को चुनौती दी है।