2020-21 के नये सत्र के लिये UGC ने फिर से जारी किया एकेडमिक कैलेंडर, देखें एडमिशन से लेकर एग्ज़ाम तक की पूरी जानकारी

विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (University Grants Commission -UGC) ने देश भर के विश्वविद्यालयोंऔर कॉलेजों के लिए एकेडमिक ईयर 2020-21 के लिए एक बार फिर नया कैलेंडर जारी किया है। कैलेंडर के अनुसार नये सत्र की कक्षाएँ 1 नवंबर से शुरू होंगी। इसके अतिरिक्त सभी विश्वविद्यालयों को 31 अक्टूबर तक दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर दनी होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने ट्विटर पर UGC के कैलेंडर को शेयर कर इसकी जानकारी दी।

 

इसके पहले भी UGC ने 29 अप्रैल को आगामी पढ़ाई के लिये वैकल्पिक शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया था। इसके हिसाब से प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाओं की शुरुआत 1 सितंबर से होनी थी। अन्तिम वर्ष और सेमेस्टर की परीक्षाएं के लिये 1 जुलाई से 15 जुलाई का समय निर्धारित किया गया था। अब एक बार फिर से कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच कैलंडर को बदलना पड़ गया।

 

 

फाइनल ईयर की परीक्षाओं के लिये निर्देश

 

नये कैलेंडर के अनुसार UGC ने 30 सितंबर तक आखिरी सेमेस्टर की परीक्षाएं पूर्ण करने के निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही फर्स्ट ईयर या सेमेस्टर की कक्षाएँ 1 नवंबर से शुरू करने का प्रस्ताव है।

 

UGC ने यह भी बताया कि अगर फर्स्ट ईयर के लिए आयोजित होने वाले एंट्रेंस एग्जाम में देरी होती है, तो नए सत्र की कक्षाएँ शुरू करने में देरी भी हो सकती है। इसके अतिरिक्त UGC के नये कैलेंडर के मुताबिक 30 नवंबर तक छात्रों के एडमिशन को रद्द करने की स्थिति मे छात्रों की पूरी फीस वापसी की जाएगी।

 

नया एकेडेमिक कैलेंडर 2020-21

 

कैलेंडर के अनुसार नये सत्र के लिये दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने की तारीख 31 अक्टूबर 2020 निर्धारित है।

 

1 नवंबर 2020 से पहले सेमेस्टर की नये बैच की कक्षाएँ शुरु होंगी।

 

छात्रों को परीक्षाओं की तैयारी के लिए 1 मार्च 2021 से 7 मार्च तक वक़्त दिया जायेगा। इसके बाद 2021 की परीक्षाओं का आयोजन 8 मार्च 2021 से 26 मार्च 2021 तक होगा।

 

नये ईवन सेमेस्टर के पहले छात्रों को 27 मार्च से 4 अप्रैल 2021 तक छुट्टियाँ दी जायेंगी। इसके बाद ईवन सेमेस्टर की कक्षाएँ 5 अप्रैल 2021 से शुरु हो जायेंगी।

 

ईवन सेमेस्टर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को 1 अगस्त 2021 से 8 अगस्त 2021 तक का समय मिलेगा। इसके बाद इस सत्र की परीक्षाएँ 9 अगस्त 2021 से 21 अगस्त 2021 तक आयोजित की जायेंगी।

 

UGC ने नये सत्र के छात्रों की दो सेमेस्टर की परीक्षा के बाद 22 अगस्त 2021 से 29 अगस्त 2021 तक अवकाश देने का प्रावधान किया गया है।

 

बाद मे इस बैच के लिए अगले एकेडेमिक सेशन आरंभ 30 अगस्त 2021 को होगा। इस सत्र के लिये UGC अपनी आगे की गाइडलाइन बाद मे जारी करेगा।

 

 

नये एडमिशन के लिये निर्देश

 

नए कैलेंडर में UGC ने प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में भी निर्देश जारी किए हैं। इस कैलेंडर के हिसाब से UG और PG स्टूडेंट्स के लिए मेरिट या प्रवेश परीक्षा आधारित एडमिशन प्रोसेस अक्टूबर के अंत तक पूरा किये जाने का निर्देश दिया गया है। इसके अतिरिक्त शेष खाली सीटों को भी 30 नवंबर तक भरने का प्रावधान है। आपको बता दें कि इसके पहले भी UGC नये सत्र के लिये कैलेंडर जारी किया था। कोविड-19 की वजह से एक बार फिर से नए सेशन की शुरुआत में देरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *