गाज़ीपुर। जिले के बहरियाबाद थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में मंगलवार की रात श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पूजा पंडाल में तमंचे पर डिस्को डांस को लेकर विवाद हो गया। गांव के ही दो पक्षों का विवाद इतना बढ़ गया कि पथराव शुरू हो गया। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है।
आपको बता दें कि जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष में गांव में पूजा पंडाल बनाया गया था। इसके साथ ही नृत्य का आयोजन भी था। कार्यक्रम के दौरान ही एक युवक तमंचा लेकर डांस करने लगा। जिस पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध किया।
इस के दौरान ही दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। इस दौरान ही स्थिति इतनी खराब हो गई की मारपीट और पथराव भी शुरू हो गया। इस घटना में पंडाल और पूजा सामग्री भी क्षत विक्षत हो गई।
हालांकि थानाध्यक्ष रमन निवास ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वही आधा दर्जन से अधिक लोगों की गिरफ्तारी भी हुई है। शांति भंग करने और अराजकता के आरोप में आरोपी युवकों पर कार्यवाही की जाएगी।