कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल का बुधवार तड़के 3.30 बजे गुरुग्राम के अस्पताल में निधन हो गया। वह 71 साल के थे और एक महीने पहले कोरोनावायरस से संक्रमित हुए थे।
पटेल के बेटे फैसल पटेल और बेटी मुमताज सिद्दीकी ने ट्विटर कर ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुख के साथ अपने पिता अहमद पटेल की दुखद और असामयिक मृत्यु की घोषणा कर रहा हूं। 25 तारीख को सुबह करीब 3.30 बजे उनका निधन हो गया।
जानकारी के मुताबिक करीब एक महीने पहले अहमद पटेल कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। इलाज के दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया।
पटेल को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भरोसेमंद सहयोगियों में से एक पटेल उनके राजनीतिक सलाहकार थे। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रहे पटेल पार्टी के संकटमोचक के रूप में भी जाने जाते थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और कई अन्य नेताओं ने पटेल के निधन पर दुख जताया है।