रेखा के चाहने वाले दुनियाभर में, फिर भी तन्हा क्यों रह गईं रेखा ?

Rekha Birthday Special: आज एक ऐसी शख्सियत का जन्मदिन है, जिनका अंदाज़ बॉलीवुड का चार्म है। 80 के दशक से लेकर आज तक फिल्मी दुनिया में उनकी अदाकारी और आंखों की मस्ती के चर्चे बेशुमार हैं। जी हां हम बात कर  रहे हैं हिंदी सिनेमा की अदाकारा रेखा की। आज रेखा अपना 66वां जन्मदिन मना रही हैं।

रेखा के चाहने वालों की कमी नहीं हैं। वो जिधर से गुजरती है लोग उनके कायल हो जाते हैं। उनका दिलकश अंदाज आज भी लोगों को आहें भरने पर मजबूर कर देता है….रेखा के चाहने वाले दुनिया भर में हैं, लेकिन उनकी जिंदगी आज भी वीरान है…तन्हा है। ऐसा नहीं था कि रेखा की जिंदगी में कोई आया ही नहीं। बहुत सी शख्सियतों ने रेखा से इश्क करने का दावा किया।

रेखा हर उस रिश्ते से जुड़ती गईं जिन रिश्तों में प्यार था, अपनापन था, लेकिन एक के बाद एक सारे रिश्तें उन्हें अकेला करते गए। रेखा आज भले ही अकेली हैं। हमसफर के नाम पर उनके साथ कोई नहीं है लेकिन बावजूद इसके रेखा आज खुश हैं, जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीती हैं। वो गाती हैं, बजाती हैं गुनगुनाती हैं। और दशकों बाद भी वो महफिल को अपने हु्स्न से लूट ले जाती हैं।  

10 अक्टूबर 1954 को चेन्नई में जन्मी रेखा की खूबसूरती के किस्से आज भी बरकरार हैं। या यूं कहें कि अब तो वह पहले से भी ज्यादा खूबसूरत नजर आती हैं । इसीलिए वह बॉलीवुड की एवरग्रीन अदाकारा हैं। आज भी रेखा अगर किसी अवॉर्ड फंक्शन में नज़र आती हैं तो वर्तमान की मशहूर अभिनेत्रियों के चेहरे की दमक फीकी पड़ जाती हैं।

फिल्मी करियर में रेखा ने कई उतर चढ़ाव देखें, लेकिन बरकरार रहा तो उनका संघर्ष। उतार चढ़ाव केवल करियर में ही नहीं बल्कि निजी जीवन में खूब देखे। रेखा ने 1966 में दक्षिण भारत की फिल्म रंगुला रत्नम से 12 वर्ष की आयु में फिल्मी करियर की शुरुआत की। इसके बाद रेखा ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह 175 हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में नजर आईं।

एयहोस्टेस बनने का सपना देखने वाली रेखा की कामयाब फिल्में आज भी सदाबहार की सूची में शामिल हैं।यह फिल्में हैं खूबसूरत, खून भरी मांग, खून पसीना, मुकद्दर का सिकंदर, उमराव जान। जिसके लिए उन्हें तीन फिल्मफेयर अवार्ड और एक राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। इसके अलावा उन्हें पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यूं तो रेखा के पिता जे गणेशन भी अभिनेता थे, लेकिन उन्होंने कभी रेखा की मां को अपनाया नहीं। रेखा ने 1990 में दिल्ली के उद्योगपति मुकेश अग्रवाल से शादी की। शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों का तलाक हो गया। फिर अग्रवाल ने आत्महत्या भी कर ली।रोचक बात तो यह है कि रेखा आज भी सिंदूर लगाती हैं। शादी से पहले 1980 में भी उन्हें सिंदूर लगाते देखा गया है।

वैसे रेखा बॉलीवुड में अपने लव लाइफ के लिए भी जनी जाती हैं।उनकी जिंदगी में नवीन निश्चल, जितेंद्र, विनोद मेहरा,विश्वजीत, शत्रुघ्न सिन्हा जैसे तमाम हस्तियां आईं लेकिन अमिताभ बच्चन के साथ उनका रिश्ता आज भी जाना जाता है। इसको लेकर ये दोनों सेलिब्रेटीज कभी सामने नहीं आए।

रेखा की  जिंदगी से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं जो आज भी लोगों के लिए रहस्य बनी हुई हैं। कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब शायद रेखा के पास भी नहीं है। कमाल की अदाकारा, सिने जगत का चकमता सितारा, गजब की खूबसूरती जिसकी दुनिया दिवानी है और ऐसे शख्स की जिंदगी तन्हा रह जाए ये ये सोचने वाली बात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *