राहुल गांधी ने की बाढ़ पीड़ितों की मदद की अपील

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में इन दिनों बाढ़ कहर ढा रही है। असम में हालात पतिदिन बदतर होते जा रहे हैं। यहां के 33 में से 28 जिलों में बाढ़ के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। करीब 36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बाढ़ और भूस्खलन से अबतक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

 

एनडीआरएफ की टीम यहां राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। इसी बीच पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद करने की अपील की है। राहुल गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर बाढ़ का एक वीडियो अपलोड कर हालात पर दुख जताया। उन्होने लिखा कि पूरा देश असम के साथ है। असम के लोग अपने हिम्मती स्वभाव से इस मुसीबत का डटकर सामना कर रहे हैं और इस आपदा से उबर आएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि इस मुसीबत की घड़ी में जितना संभव हो बाढ़ पीड़ितों की मदद करें।पूरा देश असम के साथ है।

 

ताजा जानकारी के मुताबिक राज्य में 76 लोगों ने बाढ़ के चलते जबकि 26 लोगों ने भूस्खलन के चलते अपनी जान गंवाई है। असम के अलावा गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी में पानी खतरे के निशान से एक मीटर ऊपर बह रहा है। असम के बरपेटा जिले में बाढ़ का कहर 468 गांवों पर टूटा है। यहां लोगों को 46 रिलीफ कैंप में रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *