सिर्फ 4 फिल्मों के लिए पंडित जसराज ने दी थी आवाज़

भारतीय संगीत जगत के दिग्गज क्लासिकल गायक (Classical Singer) पंडित जसराज (Pandit Jasraj) का 90 साल की उम्र में अमेरिका के न्यूजर्सी में निधन हो गया। सुरों के साधक पंडित जसराज का संगीत की दुनिया में लगभग 80 साल का करियर था और उन्हें देश-विदेश में कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। संगीत के मशहूर मेवाती घराने से ताल्लुक रखने वाले पंडित जसराज ने अधिकांश शास्त्रीय गायन किया और सिर्फ़ 4 फ़िल्मों को अपने सुरों से सजाया।

1966 में पंडित जी ने वी शांताराम की द्विभाषीय फ़िल्म लड़की सहयाद्री की के लिए गीत गाया था। इस फ़िल्म का निर्माण मराठी भाषा में भी किया गया था। फ़िल्म में उस वक़्त की मशहूर अभिनेत्री संध्या ने मुख्य किरदार निभाया था। पंडित जसराज ने इस फ़िल्म में वसंत देसाई के संगीत निर्देशन में राग अहीर भैरव में एक भजन को आवाज़ दी थी।

इसके बाद उन्होंने 1975 की फ़िल्म बीरबल माई ब्रदर के एक गाने में भारतीय संगीत जगत के एक और सितारे पंडित भीमसेन जोशी के साथ जुगलबंदी की थी। यह जुगलबंदी संगीतप्रेमियों के लिए किसी तोहफ़े से कम नहीं, मगर फ़िल्म के लोकप्रिय ना होने की वजह से गुमनामी में चली गयी।

2008 में उन्होंने अदनान सामी के संगीत निर्देशन में विक्रम भट्ट की फ़िल्म 1920 के एक गाने को आवाज़ दी थी। 2012 में उन्होंने इरफ़ान ख़ान की फ़िल्म लाइफ़ ऑफ़ पाई के लिए एक गीत गाया। इसका संगीत निर्देशन माइकल डाना ने किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *