बरेली: एक तरफ जहां यूपी सरकार अपराध पर नकेल कसने के लिए जोर शोर से अभियान चलाने का दावा कर रही है तो वहीं बरेली में एक बार फिर नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
बरेली के सीबीगंज थानाक्षेत्र के सर्वोदय नगर में फोटो स्टूडियो के लिए घर से निकली एक नाबालिग लड़की को बुधवार को चार युवकों ने किडनैप कर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकी दो आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता एक फोटो स्टूडियो में अपने स्कूल के फॉर्म के लिए फोटो खिंचवाने जा रही थी, तभी रास्ते में चार लड़कों ने उसे अगवा कर लिया और एकांत जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
11वीं क्लास की छात्रा पीड़िता ने चारों आरोपियों की पहचान अपने पड़ोसियों के रूप में की है। आरोपियों ने पहले पीड़िता की लोहे के रॉड से पिटाई की और दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया। इसके साथ ही घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िती को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई।
हालांकि, जब लड़की घर लौटी तो उसने अपने पिता को घटना की जानकारी दी जिसके बाद पीड़िता के पिता ने शिकायत दर्ज कराई।
एसपी सिटी ने कहा कि आईपीसी की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और बाकी दो आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं लड़की का मेडिकल जांच कराई जा रही है।