बलिया: पत्रकार की गोली मारकर हत्या, 6 गिरफ्तार

बलिया। जिले के फेफना गांव में सोमवार की रात करीब 9:00 बजे पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हत्या का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है।पूरे मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार के परिवार को 10 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने आरोपियों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट के माध्यम से पत्रकार के घरवालों के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही उन्होंने हर संभव कानूनी प्रक्रिया का आश्वासन भी दिया। इसके बाद उन्होंने परिजनों को 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि का एलान किया।

आपको बता दें कि रतन कुमार सिंह अपने निजी चैनल का संचालन करते थे। सोमवार की रात वह गांव के किसी मित्र के घर से पैदल घर की ओर लौट रहे थे। तभी हमलावरों ने उन पर हमला किया। बचने के लिए पत्रकार रतन ग्राम प्रधान के घर में शरण ली। जहां अपराधियों ने उनको नहीं बख्शा और 3 गोलियां दाग दी।

इस घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देवेंद्र नाथ, एसएसपी संजय कुमार, सीओ सदर जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं घटना की सूचना पर परिजनों, ग्रामीणों समेत पत्रकारों के विभिन्न संगठन फेफना रसड़ा मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे।

इसके बाद पुलिस के अधिकारियों ने ऐसो को निलंबित करने की घोषणा कर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया। वहीं मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 4 लोग फरार हैं।

डीआईजी आजमगढ़ सुभाष चंद्र दुबे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हत्या का कारण पत्रकारिता से जुड़ा नहीं था। उन्होंने इसका कारण निजी जमीनी विवाद बताया।

आसपास के लोगों का कहना है कि 2 दिन पहले रतन की पट्टीदारों के साथ जमीन को लेकर झगड़ा हुआ था। जिस पर उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी। परिवार का कहना है कि धमकी देने वालों ने ही हत्या की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *