झारखंड: मानवता शर्मसार, महिला को डायन बताकर सिर मुंडवाया, निर्वस्त्र घुमाया

रांची:  दुनिया चाहे जितनी भी बदल जाए। लोग चाहे जितने भी आधुनिक हो जाएं लेकिन महिलाओं की स्थिति आज भी जस की तस है। अंधविश्वास के नाम पर आज भी महिलाओं को प्रताड़ित किया जाता है।

झारखंड में एक महिला को डायन बताकर उस पर जुल्म करने और प्रताड़ित करने की सारी हदें पार कर दी गईं।  ये पूरा मामला है सिमडेगा के कोमबाकेरा गांव का। जहां एक महिला को डायन बताकर उसका सिर मुड़वाया गया और उसे निर्वस्त्र सरेआम घुमाया गया। इस मामले में 6 महिलाओं समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के मुताबिक ये पूरी घटना बीते शनिवार की है। पीड़िता को पंचायत बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, जहां उस पर टोना टोटका करने का आरोप लगाया गया, जिससे गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई। पंचायत के सदस्यों ने निर्णय लिया कि महिला का सिर मुंडवाया जाए और उसे गांव में निर्वस्त्र घुमाया जाए। साथ ही महिला पर 500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

इस घटना के बाद, पीड़िता ने नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। पुलिस के डाटा के अनुसार, झारखंड के वर्ष 2000 में निर्माण के बाद से करीब 1200 लोगों (ज्यादातर महिलाएं) को काला जादू का अभ्यास करने का आरोप लगाकर मौत के घाट उतार दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *