Iraq Protest: इराक में हो रहे सरकारी विरोधी प्रदर्शनों में मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है, वहीं 3600 से अधिक लोग इस विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल हुए हैं। इराकी अधिकारियों ने रविवार को मीडिया को इस बात की जानकारी दी।
इराक में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और सार्वजनिक सेवाओं की कमी पर पूरे देश में विरोध की नई लहर देखने को मिली है।
समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के मुताबिक, इराक इंडीपेंडेंट हाई कमीशन फॉर ह्यूमन राइट्स (IHCR) के एक सदस्य अल-बयाती ने अपने बयान में कहा कि सुरक्षा बलों और प्रदर्शनकारियों के बीच 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक हुई झड़पों में अब तक करीब 74 लोग मारे गए हैं।
IHCR सदस्य ने कहा कि राजनीतिक दलों के मुख्यालय पर प्रदर्शनकारियों के हमला करने के बाद ज्यादातर लोगों की मौत राजनीतिक दलों के गार्डो द्वारा चलाई गई गोलियों से हुईं। इसके अलावा अन्य मौते आंसू गैस से दम घुटने के कारण हुईं।
अल-बयाती ने यह भी कहा कि कुल 3,654 प्रदर्शनकारी और सुरक्षाकर्मी इस दौरान घायल हुए, जिनमें से कई लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।