दिल्ली- 74वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और राष्ट्र के नाम संदेश दिया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कई मुद्दों पर बातचीत की। सीमा से लेकर सेना तक उन्होने अपनी बात रखी। पीएम ने कहा कि LoC से लेकर LAC तक जिसने भी हमें आंख दिखाई है, हमने उन्हें माकूल जवाब दिया है।
पीएम ने कहा कि सीमा पर देश के सामर्थ्य को चुनौती देने की गंदी कोशिश हुई है। LoC से लेकर LAC तक देश की संप्रभुता पर जिस किसी ने भी आंख उठाई, देश की सेना ने हमारे वीर जवानों ने उसका उसी की भाषा में जवाब दिया है। भारत की संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरा देश एक जोश से भरा हुआ है। देश की रक्षा के संकल्प के लिए हमारे वीर जवान क्या कर सकते हैं, देश क्या कर सकता है ये लद्दाख में दुनिया ने देख लिया है।
पड़ोसी देश वो भी हैं जिनसे दिल मिलते हैं-पीएम
पीएम नरेंद्र मोदी ने पड़ोसी देशों पर बात करते हुए कहा कि आज पड़ोसी सिर्फ वो ही नहीं हैं जिनसे हमारी भौगोलिक सीमाएं मिलती हैं बल्कि वे भी हैं जिनसे हमारे दिल मिलते हैं, जहां रिश्तों में समरसता होती है, मेल जोल रहता है. इनसे से कई देशों में बहुत बड़ी संख्या में भारतीय काम करते हैं। हमारे पड़ोसी देशों के साथ, चाहे वो हमसे ज़मीन से जुड़े हों या समंदर से, अपने संबंधों को हम सुरक्षा, विकास और विश्वास की साझेदारी के साथ जोड़ रहे हैं।