दिल्ली विधानसभा परिसर में अशोक स्तंभ की स्थापना

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा परिसर में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अशोक स्तंभ की स्थापना की गई। इसके साथ ही विधानसभा की चित्र गैलरी में राजा नाहर सिंह के चित्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब हम जब भी विधानसभा में आएंगे और अशोक स्तंभ को देखेंगे, तो यह हमें अपने जनतंत्र और संविधान की याद दिलाएगा।

सीएम ने विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल को भी उनकी अलग-अलग गतिविधियों से विधानसभा परिसर को लगातार नई ऊर्जा देने के लिए शुक्रिया अदा किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने कहा कि हमने विधानसभा परिसर में अशोक स्तंभ को राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया था। मुझे खुशी है कि हमारा यह सपना सच हो गया।

सीएम ने कहा, आज वोटर्स डे है, उसकी भी आप सभी को बहुत शुभकामनाएं। आज दिल्ली विधानसभा के लिए वाकई बहुत ही गौरव का दिन है। दिल्ली विधानसभा के परिसर में अशोक स्तंभ की स्थापना की जा रही है, इसके लिए मैं आप सभी लोगों को और दिल्ली के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। चित्र प्रदर्शनी में राजा नाहर सिंह जी का 73वां चित्र का लोकार्पण किया गया। देश के स्वाधीनता संग्राम में जिन लोगों ने हमारे देश के लिए कुबार्नी दी थी, लड़ाई लड़ी थी, उन लोगों की तस्वीरें आपको गैलरी में देखने को मिलेंगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि, अब हर धर्म के त्यौहार विधानसभा में मनाए जाते हैं। चाहे वो हिंदू धर्म हो, चाहे वो सिख धर्म हो, चाहे वो मुस्लिम धर्म हो, चाहे वो ईसाई धर्म हो, हर धर्म के त्यौहार हम सब लोग मिलकर विधानसभा के परिसर में मनाते हैं।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष राम निवास गोयल ने इस मौके पर कहा है कि, मैं आप सभी का समारोह में स्वागत करना चाहता हूं। पिछले 4 वर्षो से हम 26 नवंबर को पार्क में संविधान समारोह का आयोजन कर रहे हैं। हमें अचानक लगा कि संविधान का कोई विशेष संकेत नहीं है, जो हमें प्रेरित कर सके। हमने विधानसभा में अशोक चक्र स्तंभ को राष्ट्रीय प्रतीक के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया। मुझे खुशी है कि हमारा सपना सच हो गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *