नई दिल्ली: भारत में कोरोना वायरस (Corona Virus) अब जंगल में लगी आग की तरह फैल रहा है। बीते कुछ हफ्तों से देश में कोरोना के रिकॉर्डतोड़ नए केस की पुष्टी हो रही है। हर दिन 80 हजार से ज्यादा नए मरीजों की पुष्टी हो रही है। मरीजों की संख्या 41 लाख को पार कर गई है, और इसी के साथ भारत (India) विश्व (World) में कोरोना प्रभावित देशों में ब्राजील (Brazil) को पीछे छोड़ दूसरे स्थान पर जा पहुंचा है।
भारत में बीते शनिवार को 83 हजार से ज्यादा नए कोरोना के पॉजिटिव केस की पुष्टी हुई। वहीं 24 घंटे के अंदर 1000 से ज्यादा लोगों की दम तोड़ा। इससे पहले बीते शुक्रवार को भारत में कोरोना के 8,6,432 केस सामने आए थे, और1089 कोरोना मरीजों की मौत हुई थी। संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।अब तक 31,72,000 से ज्यादा मरीज पूरी तरह से स्वस्थ्य हो चुके हैं।
देश में कोरोना के 41 लाख से ज्यादा केस हो गए हैं तो वहीं अब तक 70, 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। भारत में कुल एक्टिव मरीजों की संख्या 8 लाख 60 हजार के पार है। वहीं ब्राजील की बात करें तो यहां पर कोरोना संक्रमितों की संख्या 40,91,801 है और 1,25, 500 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।
कोरोना की सबसे ज्यादा मार दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका पर पड़ी है। विश्व में कोरोना के मरीजों के मामले में अमेरिका पहले स्थान पर है। बता दें, अमेरिका में कोरोना वायरस के 62 लाख से ज्यादा मामले हैं, और 1, 88,000 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।