Delhi: CAA के विरोध में शाहीन बाग की महिलाओं को जामिया के छात्रों का मिला साथ

DElhi: नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ शाहीन बाग में स्थानीय महिलाओं का प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को यहां अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा महिलाएं CAA का विरोध करने के लिए जमा हुई। वहीं जामिया के छात्रों ने भी शाहीन बाग के प्रदर्शन में शामिल होने का फैसला किया है। शुक्रवार रात जामिया से प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा हुजूम इन महिलाओं का साथ देने के लिए शाहीन बाग पहुंचा। शाहीन बाग की इन महिलाओं के समर्थन में जामिया विश्वविद्यालय के छात्रों ने कैंडल मार्च भी निकाला।

ओखला से शाहीन बाग की ओर आने वाले मुख्य मार्ग के बीचोबीच यह धरना पिछले 22 दिनों से जारी है। गुरुवार को प्रदर्शनकारियों के एक गुट ने यहां धरना समाप्त करने का ऐलान किया था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक व धक्का-मुक्की भी हुई।

शुक्रवार को यहां पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा महिलाएं प्रदर्शन में शामिल हुईं। महिलाओं का साथ देने के लिए सैकड़ों की तादाद में पुरुष भी धरना स्थल के आस पास मौजूद रहे। वहीं शुक्रवार देर शाम जामिया के छात्र भी इस प्रदर्शन में शामिल होने जामिया से शाहीन बाग पहुंच गए। छात्रों के साथ ही सैकड़ों की तादाद में स्थानीय लोगों ने भी जामिया से शाहीनबाग तक पैदल मार्च किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *