यूपी:बीजेपी विधायक जन्मेजय सिंह का निधन

लखनऊ।उत्तर प्रदेश(Uttar Pradesh) में देवरिया सदर से विधायक जन्मेजय सिंह(Janmejay Singh) का निधन हो गया है। जन्मेजय सिंह लंबी बीमारी से ग्रसित थे। जिसके कारण लखनऊ के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार की सुबह हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।

विधायक जन्मेजय सिंह देवरिया से लखनऊ विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए आए थे। उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।बता दें कि 4 महीने पहले भी दिवंगत विधायक जन्मेजय सिंह को माइनर हार्ट अटैक आया था। बीती रात करीब 12:30 बजे 75 की उम्र में उनका निधन हो गया।

आपको बता दें कि रात में लखनऊ स्थित आवास पर उनकी तबीयत खराब होने पर उन्‍हें पहले सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्‍टरों ने उन्‍हें लोहिया संस्थान रेफर कर दिया। जहां मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों ने उन्‍‍‍‍‍हें देखा और कार्डियोलॉजी विभाग रेफर कर दिया। लोहिया संस्थान के प्रवक्ता और एमएस डॉ. विक्रम सिंह के मुताबिक पेस मेकर लगाने के दौरान ही उनकी मृत्यु हो गई।

आपको बता दें कि जन्मेजय सिंह लगातार तीसरी बार देवरिया सदर से विधायक बने हैं। पहली बार वे बसपा से विधायक बने थे।वे वर्ष 2000 में हुए उपचुनाव में पहली बार बसपा के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद में 2002 में हुए आम चुनाव में सपा के शाकिर अली से हार गए। 2007 में वह भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद उत्तर प्रदेश की 16वीं और 17वीं विधान सभा के सदस्य रहे।

दिवंगत नेता अपने पीछे पत्नी समेत तीन बेटे और चार बेटियों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। निधन की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में शोक की लहर फैल गई है। आपको बता दें कि कुछ समय पहले ही उनका पार्थिव शरीर देवरिया स्थित उनके आवास पर आ गया है। निधन की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *