बिहार में बाढ़ से 12 जिले जलमग्न
30 लाख लोग प्रभावित, 2.62 लाख लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया गया
बिहार, असम समेत अन्य कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं। बिहार में कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, गंगा समेत अन्य सहायक नदियां खतरे के निशान से उपर बह रही हैं। नीचले इलाको में पानी भर गया है। लोग सड़कों पर आ बसे हैं।
बता दें बिहार के 12 जिलों की करीब 29.62 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। वहीं प्रशासन ने अभी तक करीब 2.62 लाख लोगों को सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचाया है। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक बिहार के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। जिसमें सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, किशनगंज, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, पूर्वी चम्पारण, पश्चिम चंपारण, खगड़िया, सारण और समस्तीपुर शामिल है।
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन कराने के लिए 808 सामुदायिक रसोई की व्यवस्था की गयी है जहां अब तक चार लाख 19 हजार 433 लोगों ने भोजन किया है। दरभंगा जिले में सबसे अधिक 14 प्रखंडों के 162 पंचायतों के 11 लाख 74 हजार 320 लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
इसके साथ ही बागमती नदी सीतामढी, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में खतरे के निशान से उपर बह रही है। तो वहीं बूढी गंडक नदी मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और खगडिया में, कमला बलान नदी मधुबनी में, गंगा नदी भागलपुर में उफान पर है। साथ ही सीतामढी में अधवारा नदी का जल स्तर भी बढ़ा हुआ है। इसके अलावा पूर्णिया में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।