नई दिल्ली: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर एक्टर बॉबी देओल स्टारर वेबसीरीज आश्रम ने अपने पहले पार्ट में लोगों को खूब रोमांचित किया। सधी हुई स्क्रिप्ट औऱ कलाकारों की गजब की परफार्मेंस ने व्यूवरशिप के मामले में कई रिकॉर्ड तोड़ दिये। पहले पार्ट की सफलता के बाद अब प्रकाश झा ने दूसरे पार्ट के जल्द रीलीज करने का ऐलान कर दिया है। वेबसीरीज आश्रम का दूसरा सीजन भी जल्द आने वाला है।
आश्रम पार्ट-2 के रिलीज होने की जानकारी ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने ट्वीट कर बताया, ’11 नवंबर से स्ट्रीमिंग होने वाली है। प्रकाश झा ने आश्रम वेबसीरीज के दूसरे सीजन की घोषणा की है। इसका नाम होगा ‘आश्रम चैप्टर2: द डार्कसाइड।‘ बता दें कि इसकी स्ट्रीमिंग भी मैक्स प्लेयर पर की जाएगी और दिवाली से पहले इसकी स्ट्रीमिंग कर दी जाएगी। अभी तक इसके एपिसोड को लेकर कोई जानकारी शेयर नहीं की गई है।
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी MX Player की वेब सीरीज़ ‘आश्रम’ में बॉबी देओल, बाबा निराला काशीपुर वाले के किरदार में नज़र आए। यह वेब सीरीज 8 एपिसोड की है, जिसे काफी पसंद किया गया। हालांकि, इसके बावजूद कहानी पूरी नहीं हो सकी और पहले पार्ट में सिर्फ भूमिका बनाकर छोड़ दिया गया है। अब दूसरे पार्ट में इसके आगे की कहानी दिखाई जाएगी। पहले वाला सीजन 28 अगस्त को रिलीज हुआ था।
वेबसीरीज आश्रम को पसंद करने वाले दर्शक इसके दूसरे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन अब दर्शकों का इंतजार खत्म होता नजर आ रहा है। मैक्स प्लेयर पर एक बार फिर वेबसीरीज आश्रम अपने दूसरे सीजन के साथ पहले से और ज्यादा रहस्यमयी, रोमांच से भरपूर होगा।