अखिलेश यादव ने ध्वजारोहण के समय शहीदों को किया याद

स्वतंत्रता दिवस की 74 वीं वर्षगांठ पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में ध्वजारोहण किया। उन्होंने देश की तमाम समस्याओं पर भी बात की साथ ही उन्होंने कहा कि महामारी के दौर में किस तरह से समस्या विकट हो चुकी हैं। उनके साथ पार्टी के कई कार्यकर्ता भी ध्वजारोहण के समय मौजूद थे। उन्होंने देश की खुशहाली, समृद्धि, विकास और प्रगति की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

महापुरुषों की किया याद

श्री अखिलेश यादव ने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए महात्मा गांधी, जयप्रकाश नारायण, डॉ. राममनोहर लोहिया, आचार्य नरेंद्रदेव, डॉ. भीमराव अंबेडकर जैसे महान विभूतियों को और उनके विचारों को याद करते हुए कहा कि उनके सपनों का भारत हमें तैयार करना होगा और इन सभी महानुभावों के विचारों को आत्मसात करना होगा जिससे देश का उद्धार हो सके।

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में सभी स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उनको श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि जिनकी वजह से हम सुरक्षित वातावरण में जी रहे हैं उनके प्रति हमारी कृतज्ञता हमेशा बनी रहनी चाहिए। इसी के साथ अखिलेश यादव ने सब समस्त शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए सीमा में अपना बलिदान दिया।

समस्याओं पर क्या कहा

अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज किसान परेशान है, छात्र वर्ग भी पीड़ित महसूस कर रहा है, छोटे-मोटे कारोबारी नुकसान झेल रहे हैं, बेरोजगारी की वजह से लोग पलायन को मजबूर हैं और महामारी की वजह से तो कई लोग बेरोजगार हो गए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जब महामारी की वजह से लोग अपने घरों की ओर प्रस्थान कर रहे थे तो सरकार का इस तरह से उपेक्षित रवैया ठीक नहीं था।

आखिर में अखिलेश यादव ने कहा कि अब देश को एकजुट होकर बीमारी, बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निपटना होगा और एक स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण करना होगा, जिससे कृषि, शिक्षा और सीमाओं पर दिख रहा संकट टल जाए और देश सुरक्षित और खुशहाल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *