अलीगढ़: सीएम योगी के उत्तर प्रदेश में चित्कार गूंज रही है, महिलाएं अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रही हैं, मासूम बच्चियों की मासूमियत कहीं खो सी गई है और कानून की रफ्तार वहीं ढाक के तीन पात।
हाथरस और बलरामपुर में गैंगरेप और हत्या की वारदात की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि अलीगढ़ में एक मासूम बच्ची दरिंदगी का शिकार हो गई। बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित बच्ची अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
ये पूरी घटना अलीगढ़ के थाना खैर के एक गांव की है…जहां चार साल की मासूम के साथ उसके दूर की रिश्तेदारी में लगने वाले चाचा ने दुष्कर्म को अंजाम दिया। 28 साल का आरोपी अजीत वारदात के बाद से फरार है। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार है।
हाथरस केस: DM ने पीड़िता के पिता की छाती पर लात मारी, परिवार को किया नजरबंद
वहीं इस पूरे मामले में एसपी ग्रामीण शुभम पटेल ने बताया कि मामले के खिलाफ पास्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए पुलिस की टीम लगा दी गई है।
हर वारदात के बाद पुलिस का ये रटारटाया बयान सामने आता है। मामला दर्ज होता है। पुलिस की टीम भी लगा दी जाती है, लेकिन इंसाफ रामभरोसे।